दो लाख से अधिक परिवारों का साकार होगा अपने घर का सपना

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 में 2,09,421 लाभार्थियों के खातों में भेजी गई पहली किस्त

  • रिपोर्ट: जीतेन्द्र कुमार

लखनऊ, 18 जनवरी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के 2,09,421 स्वीकृत लाभार्थियों के खातों में प्रथम किस्त की धनराशि अंतरित की। राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने इसे गरीब, मध्यम वर्ग और शहरी जरूरतमंद परिवारों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नगर निकायों में नोडल अधिकारी तैनात कर यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी लाभार्थी के साथ किसी स्तर पर कोई गड़बड़ी न हो। निर्माण सामग्री समय पर और उचित दर पर उपलब्ध कराई जाए तथा किस्तों का भुगतान समयबद्ध रूप से हो।

सीएम योगी ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ने एक नई चेतना पैदा की है। लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हुए हैं। “सरकार ने माफिया को दूर किया और गंदगी को भी, इससे उत्तर प्रदेश आगे बढ़ा है,” उन्होंने कहा। इस अवसर पर कुल 2,094 करोड़ 21 लाख रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी गई। प्रथम किस्त के रूप में प्रत्येक लाभार्थी को एक लाख रुपये मिलेंगे। 75 प्रतिशत निर्माण पूरा होने पर दूसरी किस्त एक लाख रुपये तथा अंतिम किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक परिवार को कुल ढाई लाख रुपये की सहायता मिलेगी।

पीएम मोदी को लिखें धन्यवाद पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौनी अमावस्या के अवसर पर प्रयागराज में अब तक करोड़ों श्रद्धालु मां गंगा, यमुना और सरस्वती की पावन त्रिवेणी में स्नान कर चुके हैं। अयोध्या, काशी और गढ़मुक्तेश्वर जैसे तीर्थों पर भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। ऐसे पावन अवसर पर आवास योजना की पहली किस्त मिलना लाभार्थियों के लिए विशेष सौगात है। उन्होंने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद पत्र लिखने का आह्वान किया।

पहली बार इतनी बड़ी संख्या में पक्के घर का सपना साकार
मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वाधिक लाभार्थी वाले जनपदों में गाजियाबाद, बरेली, लखनऊ, गोरखपुर, प्रतापगढ़, अलीगढ़, बिजनौर, कुशीनगर, प्रयागराज, अयोध्या और महाराजगंज शामिल हैं। पिछले पौने नौ वर्षों में प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 60 लाख से अधिक परिवारों को आवास का लाभ मिला है। आज 2 लाख से अधिक नए परिवारों के जुड़ने के साथ यह संख्या 62 लाख तक पहुंच गई है। आज़ादी के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का परिणाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन और मजबूत नेतृत्व का परिणाम है। वर्ष 2017 से 2025 के बीच 17 लाख 66 हजार शहरी परिवारों को आवास उपलब्ध कराया गया और अब यह संख्या बढ़कर 19 लाख 75 हजार हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आवास केवल एक छत नहीं, बल्कि स्वावलंबन की नींव है। आवास के साथ शौचालय, बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला गैस और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं भी मिल रही हैं। अयोध्या और सोनभद्र के उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आवास मिलने के बाद कई परिवारों ने ई-रिक्शा, डेयरी जैसे कार्य शुरू कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम बचपन से रोटी, कपड़ा और मकान की बात सुनते आए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हर गरीब के लिए ये तीनों सुविधाएं सुनिश्चित कर दी हैं—रोटी के लिए राशन कार्ड, कपड़े के लिए रोजगार के अवसर और मकान के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना।

कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, राज्य मंत्री राकेश कुमार राठौर, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सदस्य बृजलाल व संजय सेठ, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक योगेश शुक्ला, विधान परिषद सदस्य इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.