गोड्डीह में जीबीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज, तेतरहाट ने झुलौना को चार विकेट से हराया

खेल से होता है बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक विकास :सरफराज आलम

लखीसराय। किऊल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड्डीह गांव स्थित खेल मैदान में जीबीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन लखीसराय जिला वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सरफराज आलम ने फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में खेलप्रेमी युवा एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

उद्घाटन के उपरांत अपने संबोधन में वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सरफराज आलम ने कहा कि क्रिकेट एक अंतरराष्ट्रीय खेल है। वैसे तो सभी खेलों में सभी लोगों को रुचि रखनी चाहिए, क्योंकि खेल से बौद्धिक, मानसिक एवं शारीरिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में खेलकूद सभी के लिए अति आवश्यक है और यह युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में मशहूर स्कॉलर सैयद मोहम्मद इसराफिल शाह, किऊल थाना के अपर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के पहले दिन तेतरहाट और झुलौना के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए झुलौना की टीम ने 12 ओवर में 105 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तेतरहाट की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की।

क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने उद्घाटनकर्ता जिला वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सरफराज आलम का फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया। साथ ही आगत अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में मो. फैज, मो. आर्यन, मो. एहतेशाम, मो. इरफान, मो. असलम एवं किशोर कुमार की अहम भूमिका रही, जबकि मैच की कमेंट्री विभाष कुमार ने की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.