जिला प्रशासन व भूतपूर्व सैनिकों के बीच वॉलीबॉल मैच आयोजित,जिला प्रशासन की ओर से मुख्य रूप से डीएम मिथिलेश मिश्र हुए शामिल

केआरके मैदान में रोमांचक मुकाबला, एक अंक से भूतपूर्व सैनिकों की जीत

लखीसराय(सरफराज आलम)जिला प्रशासन लखीसराय एवं भूतपूर्व सैनिकों के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को केआरके मैदान, लखीसराय में वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 15 जनवरी 2026 को किया गया, जिसमें जिला प्रशासन की टीम एवं भूतपूर्व सैनिकों की टीम ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन करते हुए किया गया। मैच के दौरान दोनों ही टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए रोमांचक प्रदर्शन किया। खेल के दौरान मैदान में मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में खेल भावना का माहौल बना रहा।

मैच अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक रहा और अंतिम क्षणों तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। इस रोमांचक मुकाबले में भूतपूर्व सैनिकों की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन की टीम को मात्र एक अंक के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। इस करीबी मुकाबले ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और खिलाड़ियों की खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाया।

आयोजन के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को बधाई दी गई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य का विकास होता है, बल्कि आपसी भाईचारा, अनुशासन एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों का अनुशासन और अनुभव युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस खेल आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासन और भूतपूर्व सैनिकों के बीच आपसी समन्वय, सौहार्द एवं खेल भावना को बढ़ावा देना था।

मैच में जिला प्रशासन की ओर से जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.