लखीसराय में डीएम की अध्यक्षता में बाजार समिति परिसर में राज्य खाद्य निगम के अंतर्गत खरीफ विपणन मौसम 2025–26 के लिए कस्टम मिल्ड राइस (CMR) की आपूर्ति का विधिवत शुभारंभ

लखीसराय(सरफराज आलम)जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में लखीसराय बाजार समिति परिसर में राज्य खाद्य निगम (SFC), लखीसराय के अंतर्गत खरीफ विपणन मौसम (KMS) 2025–26 के लिए कस्टम मिल्ड राइस (CMR) की आपूर्ति का विधिवत शुभारंभ किया गया।

उद्घाटन अवसर पर जिला पदाधिकारी ने CMR की गुणवत्ता, समयबद्ध आपूर्ति तथा भंडारण मानकों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से आमजन तक गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए CMR की गुणवत्ता जांच, नमी प्रतिशत, टूटन मानक तथा पैकिंग/लेबलिंग जैसी तकनीकी शर्तों का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने राइस मिलर्स को निर्धारित मानकों के अनुरूप चावल की आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए।

उन्होंने राज्य खाद्य निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त CMR का नियमित रूप से नमूना परीक्षण कराया जाए तथा भंडारण स्थलों पर स्वच्छता, कीट-नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। परिवहन के दौरान समयबद्धता और ट्रैकिंग व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम के दौरान आगामी KMS 2025–26 के अंतर्गत जिले को निर्धारित कुल मात्रा के लक्ष्य, चरणबद्ध आपूर्ति योजना एवं राइस मिलर्स की भूमिका पर भी जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण CMR की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु निगरानी तंत्र को सुदृढ़ किया गया है।

कार्यक्रम में राज्य खाद्य निगम, लखीसराय के जिला प्रबंधक राजीव रंजन, सहायक प्रबंधक, गुणवत्ता नियंत्रक, संबंधित राइस मिलर्स, आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.