डीएम मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिला अंतर्गत सभी अंचलों में फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में संलग्न पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

लखीसराय(सरफराज आलम)लखीसराय के जिला पदाधिकारी,मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में लखीसराय जिला अंतर्गत सभी अंचलों में फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में संलग्न पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य फॉर्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी निर्माण से संबंधित कार्यों में एकरूपता, पारदर्शिता एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना था।

जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य विशेष अभियान के रूप में चलाया जा रहा है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों के नाम से जमाबंदी दर्ज है, उन सभी का फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से बनाया जाना है। वहीं, जिन व्यक्तियों के नाम से अब तक जमाबंदी दर्ज नहीं है, उन्हें शीघ्र जमाबंदी के लिए आवेदन जमा कराने हेतु प्रेरित किया जाए, ताकि वे भी कृषि से संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

जिला पदाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनका फार्मर आईडी बना होगा। जिन किसानों का फार्मर आईडी नहीं रहेगा, वे पीएम किसान निधि के लाभ से वंचित रह जाएंगे। अतः सभी अंचलाधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए जागरूक करें।

प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान तकनीकी पहलुओं, ऑनलाइन प्रविष्टि प्रक्रिया, दस्तावेजों की जांच, त्रुटि सुधार तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित कर्मियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया तथा उन्हें कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि यह अभियान किसानों के हित से जुड़ा हुआ है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि जिले का कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी, किसान सलाहकार सहित अन्य पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थिति रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.