प्रेमी जोड़े ने जहर खाकर दी जान, परिवार ने महिला का शव लेने से इनकार किया

ऐलनाबाद, 9 जनवरी (एम. पी. भार्गव): ऐलनाबाद क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक प्रेमी जोड़े ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 34 वर्षीय सोमनाथ और मृतका की पहचान 33 वर्षीय सरोज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने समाज में लोकलाज और पारिवारिक दबाव के चलते यह कदम उठाया।

जानकारी के अनुसार ओटू निवासी सरोज की शादी वर्ष 2013 में गांव रामगढ़ निवासी मंगल सिंह से हुई थी। सरोज के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं, जो वर्तमान में ससुराल में अपनी दादी के पास रह रहे हैं। सरोज का गांव रामगढ़ निवासी अविवाहित युवक सोमनाथ के घर आना-जाना था, इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। परिजनों को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन इसके बावजूद दोनों अपने फैसले पर अडिग रहे और एक दिन घर से फरार हो गए।

बताया जाता है कि इसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इस संबंध को लेकर दोनों के परिजनों ने उनसे दूरी बना ली। सामाजिक दबाव और पारिवारिक बहिष्कार के कारण दोनों मानसिक तनाव में रहने लगे। इसी शर्मिंदगी और लोकलाज के भय के चलते मंगलवार रात करीब 8 बजे दोनों ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।

घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए सिरसा ले जाया गया, जहां से उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बुधवार को इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सोमनाथ का शव परिजन अपने साथ ले गए, जबकि सरोज के शव को लेने से ससुराल और मायका पक्ष दोनों ने इनकार कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.