अजीज प्रताप सिंह खोसा फाउंडेशन द्वारा शहर में वाहनों को रिफ्लेक्टर लगाए गए
सुबह सड़कों पर सैर करने वाले नागरिक स्टेडियम में जाकर सैर करें : खोसा
ऐलनाबाद, 3 जनवरी( एम पी भार्गव ) : स्थानीय अजीज प्रताप सिंह खोसा फाउंडेशन द्वारा आज शहर के पंचमुखी चौक में वाहनों को रिफ्लेक्टर लगाए गए। कार्यक्रम का शुभ आरंभ ऐलनाबाद के ट्रैफिक इंचार्ज सुभाष चंद्र व अजीज प्रताप सिंह खोसा फाउंडेशन के अध्यक्ष अमरपाल सिंह खोसा ने किया। इस अवसर पर ट्रैफिक इंचार्ज सुभाष चंद्र ने कहा कि सर्दी के मौसम में धुंध का आना स्वाभाविक है, जिससे वाहन चालकों को आगे देखने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है लेकिन वाहन पर रिफ्लेक्टर लगने के बाद देखने में आसानी हो जाती है। उन्होंने कहा कि अजीज प्रताप सिंह खोसा फाउंडेशन द्वारा प्रत्येक वर्ष ही वाहनों को रिफ्लेक्टर लगाए जाते हैं जो अति सराहनीय कार्य है। फाउंडेशन के अध्यक्ष अमरपाल सिंह खोसा ने कहा कि किसी एक्सीडेंट में जान चली जाने का दर्द वह खुद जानते हैं और फाउंडेशन के एक छोटे से प्रयास से अगर किसी की जान जाने से बच जाएं तो इससे अच्छा कोई काम नहीं हो सकता। इस तरह के प्रयास के लिए सबको आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन द्वारा प्रत्येक वर्ष वाहनों को रिफ्लेक्टर लगाए जाते हैं। उन्होंने शहर वासियों को आह्वान करते हुए कहा कि जो युवा व अन्य लोग सड़कों पर ही सुबह के टाइम मॉर्निंग वॉक के लिए जाते हैं वह सड़क पर जाने की बजाय अजीज प्रताप सिंह खोसा खेल स्टेडियम में जाकर सुबह की सैर व प्रैक्टिस आदि करें, फाउंडेशन द्वारा शहर के सभी नागरिकों के लिए यह स्टेडियम हर समय खुला रहता है। इस अवसर पर जसपाल सिंह, सुरेंद्र बराड़, हरमन गिल, बलराज धालीवाल, नवजोत सिंह, मनदीप बराड़, जशन खोसा, सोनू शर्मा, रणजीत वर्मा, सुरेंद्र धीगडा सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्य मौजूद थे।
