ऐलनाबाद, 2 जनवरी (एम. पी. भार्गव)। उपमंडल ऐलनाबाद के गांव पोहड़का में दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी के अवतार दिवस एवं छोटे साहिबजादों के शहीदी दिवस को समर्पित शुक्रवार को भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन की अगुवाई गुरु के पंज प्यारों ने की, जबकि श्रद्धालुओं ने जगह-जगह फूलों की वर्षा कर स्वागत किया।
सुबह गुरुद्वारा साहिब से आरंभ हुए नगर कीर्तन में श्रद्धालु “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारे लगाते नजर आए। गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी के आगे सैकड़ों महिलाएं नंगे पांव झाड़ू लगाते हुए चल रही थीं और मार्ग पर पानी का छिड़काव किया जा रहा था। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से चंडीगढ़ बास, चैनपुरा बास, बाबा रामदेव मंदिर, गोगामेड़ी, ठाकुर जी मंदिर, बस स्टैंड होते हुए गांव के मुख्य मार्गों से गुजरकर पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचा।
नगर कीर्तन के दौरान गांव में आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए चाय, बूंदी, हलवा और खीर का वितरण किया गया। बाबा रामदेव मंदिर पहुंचने पर कमेटी सदस्यों दीपक सिला, अर्जुन मास्टर, डॉ. मक्खन, ओमप्रकाश पटीर, प्रमानंद वर्मा व बृजलाल ने पंज प्यारों को सिरोपे भेंट किए और गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया।
इस अवसर पर तलवंडी से आए गतका अखाड़ा बुर्ज कुलारा के खिलाड़ियों ने गतका का प्रदर्शन कर सभी को आकर्षित किया। नगर कीर्तन में सभी धर्मों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गुरु ग्रंथ साहिब के आगे शीश झुकाकर श्रद्धा व्यक्त की।
khabre junction
