घर से नकदी चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार

ऐलनाबाद, 28 दिसंबर (एम. पी. भार्गव)। ऐलनाबाद थाना पुलिस ने संपत्ति विरुद्ध अपराधों पर सख्ती दिखाते हुए घर से नकदी चोरी की वारदात में संलिप्त आरोपी को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रगट सिंह ने बताया कि सुरेंद्र पुत्र काशीराम निवासी ऐलनाबाद ने थाना ऐलनाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि 7 सितंबर 2025 को वह अपने परिवार सहित घर पर ताला लगाकर मेले में गया हुआ था। करीब डेढ़ बजे जब वह वापस लौटा तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित ने बताया कि अलमारी आदि की जांच करने पर उसमें रखी 25 हजार रुपये की नकद राशि अज्ञात युवकों द्वारा चोरी कर ली गई थी।

थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में संलिप्त आरोपी हरविंदर सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी गांव खारका, जिला कैथल को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह शहर थाना सिरसा में दर्ज चोरी के एक अन्य मामले में जेल में बंद था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और यदि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हरविंदर सिंह को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.