कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर अमरेश कुमार अनीश का मोदी सरकार पर हमला, बोले—विकास के नाम पर चंद लोगों को ही पहुंचाया जा रहा फायदा

गरीब,किसान, मजदूर,दुकानदारों के शोषण और वोट चोरी और लोकतंत्र को कमजोर करने का लगाया आरोप

लखीसराय(सरफराज आलम)भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस शनिवार को जिला कांग्रेस कार्यालय चितरंजन आश्रम में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह पूर्व प्रत्याशी अमरेश कुमार अनीश ने झंडोत्तोलन किया और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

अपने संबोधन में अमरेश कुमार अनीश ने कहा कि देश में विकास के नाम पर केवल चंद लोगों को ही फायदा पहुंचाया जा रहा है, जबकि गरीब, किसान, मजदूर और छोटे दुकानदारों का लगातार शोषण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की नीतियों से आम जनता सबसे अधिक प्रभावित हो रही है।

श्री अनीश ने कहा कि कांग्रेस की स्थापना वर्ष 1885 में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ हुई थी और पार्टी ने देश को आजादी दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, लेकिन आज लोकतंत्र और संविधान पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने दावा किया कि वोट की चोरी, बढ़ता माफिया राज और आम लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि पार्टी गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ेगी।

इस अवसर पर उचित यादव, शत्रुधन सिंह, पंकज वर्मा, हीरालाल रजक, जय किशोर यादव, श्रीकांत ठाकुर, संजीव सिंह, रामबिलास सिंह, प्रेम कुमार, विनय मेहता, अलखनिरंजन सिंह, दिनेश सिंह, राजकुमार पासवान, सोनू कुमार, मनोज कुमार, धनंजय कुमार, दयानंद दास, बनारसी पासवान, दयाशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में कांग्रेस जिंदाबाद और संविधान बचाओ के नारे लगाते हुए पार्टी को फिर से मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.