अगर आप भी उन लोगों में से हैं जिन्हें नए साल का जश्न शोर-शराबे और भीड़-भाड़ से दूर, अपनों के साथ सुकून में बिताना पसंद है, तो यह आर्टिकल आपके लिए ही है। हर कोई नए साल का स्वागत करना चाहता है, लेकिन हर कोई पार्टी और भीड़ का हिस्सा बनना जरूरी नहीं समझता। ऐसे में हम आपको बता रहे हैं कुछ ऐसे शांत और खूबसूरत डेस्टिनेशन, जहां आप शांति के साथ नए साल की शुरुआत कर सकते हैं।
जैसलमेर, राजस्थान
पहाड़ों की भीड़ और समुद्र तटों के शोर से दूर अगर आप किसी शांत जगह की तलाश में हैं, तो राजस्थान की स्वर्ण नगरी जैसलमेर एक बेहतरीन विकल्प है। थार रेगिस्तान में बसा यह ऐतिहासिक शहर अपने किलों, हवेलियों, लोक संस्कृति और रेगिस्तानी सफारी के लिए जाना जाता है। जैसलमेर किला (सोनार किला), पटवों की हवेली, सैम सैंड ड्यून्स, गडसीसर झील और डेजर्ट नेशनल पार्क यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। नए साल पर कई होटल खास पैकेज भी देते हैं, जहां ठंडी रातों में अलाव के पास बैठकर संगीत का आनंद लिया जा सकता है।
कच्छ का रण, गुजरात
भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित कच्छ का रण गुजरात का प्रमुख पर्यटन स्थल है। यहां फैला विशाल सफेद रेगिस्तान चांदनी रात में किसी जादुई दुनिया जैसा नजर आता है। नवंबर से फरवरी के बीच यहां रण उत्सव का आयोजन होता है, जिसमें लोक नृत्य, संगीत और हस्तशिल्प देखने को मिलता है। नए साल के मौके पर रंग-बिरंगे टेंट और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस जगह को और खास बना देते हैं। यहां बड़े-बड़े होटल नहीं, बल्कि टेंट और मिट्टी के घरों में ठहरने का अनोखा अनुभव मिलता है।
मुक्तेश्वर, उत्तराखंड
अगर आप शिमला, मनाली और नैनीताल जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों से अलग किसी शांत पहाड़ी डेस्टिनेशन की तलाश में हैं, तो मुक्तेश्वर आपके लिए परफेक्ट है। यहां भले ही मॉल रोड न हो, लेकिन सुकून और प्राकृतिक सुंदरता भरपूर है। चौली की जाली से दिखने वाला सूर्यास्त जीवनभर याद रहने वाला अनुभव देता है। शांत वातावरण में नया साल मनाने के लिए यह जगह बेहद खास है।
लेह, लद्दाख
कड़ाके की ठंड में दुनिया के सबसे खूबसूरत नजारों का अनुभव करना चाहते हैं, तो लेह से बेहतर विकल्प शायद ही कोई हो। दिल्ली से हवाई मार्ग द्वारा आसानी से लेह पहुंचा जा सकता है। अगर आप शांति से नया साल मनाना चाहते हैं, तो केवल लेह शहर में रहकर बौद्ध मठों के दर्शन करें, लोकल मार्केट घूमें या बाइक से पहाड़ों के बीच छोटी-सी सैर पर निकल जाएं। यह अनुभव जिंदगी भर आपके साथ रहेगा।
कोल्हापुर, महाराष्ट्र
अक्सर लोग घूमने के लिए कोल्हापुर को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इतिहास, संस्कृति और शांत माहौल पसंद करने वालों के लिए यह जगह किसी खजाने से कम नहीं। पन्हाला किला और रंकला झील यहां के प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं। साथ ही, कोल्हापुर का स्थानीय भोजन आपकी यात्रा को और यादगार बना देगा। महाराष्ट्र की अन्य जगहों की तुलना में यह शहर काफी शांत है।
अगर आप इस नए साल पर भीड़ से दूर सुकून और अपनों के साथ खास पल बिताना चाहते हैं, तो ये डेस्टिनेशन आपके लिए एकदम सही साबित हो सकते हैं।
