हाइवे/सड़क पर वाहन न खड़े हों – मण्डलायुक्त
मण्डलायुक्त ने मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- रिपोर्ट: रवि यादव
मिर्ज़ापुर, 26 दिसम्बर 2025।मण्डलायुक्त विन्ध्याचल मण्डल राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मण्डलायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि हाइवे व मुख्य सड़कों पर किसी भी स्थिति में वाहन खड़े न किए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
कोहरे को देखते हुए मण्डलायुक्त ने सभी व्यवसायिक वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि संभाग के विभिन्न जनपदों में बिना नंबर प्लेट के डंपर और ट्रक संचालित हो रहे हैं, जिनकी संख्या विशेष रूप से सोनभद्र में अधिक है। ऐसे वाहनों के विरुद्ध परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को भारत सरकार की राह-वीर योजना के अंतर्गत 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाता है। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि पुलिस विभाग ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें सम्मानित कराए, ताकि आमजन को घायलों की मदद के लिए प्रेरणा मिल सके।
मुख्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नवम्बर 2024 की तुलना में नवम्बर 2025 में सोनभद्र और भदोही जनपदों में सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई है। इस पर मण्डलायुक्त ने दोनों जिलों के जिलाधिकारियों को दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी सोनभद्र द्वारा अवगत कराया गया कि उपशा विभाग के अधिकारी बैठकों में उपस्थित नहीं होते, जिससे सड़क निर्माण एवं सुधार कार्यों पर चर्चा नहीं हो पाती। इस पर मण्डलायुक्त ने उपशा अधिकारियों को अलग से बुलाए जाने के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी मीरजापुर ने सीएचसी/पीएचसी और जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की कमी का मुद्दा उठाया। मण्डलायुक्त ने इस संबंध में शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
हिट एंड रन मामलों की समीक्षा के लिए मण्डलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में बीमा कंपनियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट्स पर कराए जा रहे कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बिना फिटनेस और बिना परमिट के संचालित स्कूली वाहनों की समीक्षा की जाए, क्योंकि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर शासन गंभीर है। प्रत्येक जिलाधिकारी को प्रतिमाह अपनी अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर आयुक्त राज कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी मीरजापुर पवन कुमार गंगवार, जिलाधिकारी सोनभद्र बी.एन. सिंह, जिलाधिकारी भदोही शैलेश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मीरजापुर सोमेन वर्मा, सहित संभाग के विभिन्न जनपदों के पुलिस अधीक्षक, परिवहन अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, उपशा विभाग तथा उत्तर प्रदेश ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
