बेगमपुल पर रईसजादों का आतंक, हूटर बजाकर स्टंटबाज़ी

वीडियो वायरल होते ही पुलिस में मचा हड़कंप, इंस्पेक्टर लाइन हाज़िर

  • रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार

मेरठ।शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल बेगमपुल क्षेत्र में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए रईसजादों का आतंक सामने आया है। हूटर बजाती लग्ज़री कारों से बाजार में जाम लगाकर स्टंटबाज़ी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुछ कार सवार युवक सरेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सड़क पर हुड़दंग कर रहे हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। व्यस्त बाजार में जाम की स्थिति बन गई और राहगीरों में दहशत का माहौल रहा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में सदर बाजार थाना प्रभारी विवेक राय को तत्काल प्रभाव से लाइन हाज़िर कर दिया गया है।

पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा कार सवार युवकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला सदर बाजार थाना क्षेत्र के बेगमपुल इलाके का है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.