वीर बाल दिवस पर कजरा के कस्तूरबा विद्यालय में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान,छात्राओं ने ली शपथ

लखीसराय(सरफराज आलम)महिला एवं बाल विकास निगम तथा जिला विधिक प्राधिकार, लखीसराय के संयुक्त तत्वाधान में एवं संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से वीर बाल दिवस के अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का आयोजन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कजरा में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सभी वर्ग की छात्राओं के बीच खेलकूद प्रतियोगिता से हुई। इसके बाद संकल्प हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने माता गुजरी देवी के त्याग और वात्सल्य की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पोतों जोरावर सिंह और फतेह सिंह को बचपन से ही देश और धर्म के प्रति समर्पण की शिक्षा दी। पोतों के बलिदान का समाचार मिलने पर माता गुजरी देवी ने भी प्राण त्याग दिए, जो त्याग, धैर्य और मातृत्व की सर्वोच्च मिसाल है।
उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें सिखाता है कि राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए आयु या संख्या बल नहीं, बल्कि साहस और विश्वास आवश्यक है। बलिदान से ही समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है। इस अवसर पर सभी को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

जिला विधिक प्राधिकार, लखीसराय के अधिकार मित्र अजय कुमार यादव ने कहा कि बाल विवाह कानूनन अपराध है, जो बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में बाधक है। उन्होंने किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के लिए टॉल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क करने की सलाह दी। वहीं लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने कहा कि बाल विवाह सभ्य समाज के लिए कतई उचित नहीं है। इससे शारीरिक, मानसिक और आर्थिक क्षति होती है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने महिला हेल्पलाइन टॉल फ्री नंबर 181 की जानकारी दी।

अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर सभी ने सामूहिक रूप से शपथ ली। इस दौरान स्वच्छता प्रबंधन किट्स का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम में शिक्षिका नीतू कुमारी के अलावा छात्राएं अंकुश कुमारी, काजल कुमारी, सपना, सुजाता, लक्ष्मी कुमारी, सीता कुमारी सहित दर्जनों छात्राएं उपस्थित रहीं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.