मीरजापुर: जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला कारागार एवं किशोर सम्प्रेक्षण गृह का आकस्मिक निरीक्षण
- रिपोर्ट- मंजय वर्मा
मीरजापुर। जनपद न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा द्वारा संयुक्त रूप से जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार के बैरक, भोजनालय, जेल परिसर एवं अस्पताल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनतापूर्वक जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु अथवा गतिविधि नहीं पाई गई, जिससे व्यवस्थाओं की संतोषजनक स्थिति सामने आई। अधिकारियों ने साफ-सफाई, सुरक्षा एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निरंतर सुधार पर जोर दिया।
इसी क्रम में मोर्चाघर स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का भी निरीक्षण किया गया। यहां सुरक्षा व्यवस्था, भोजन एवं स्वच्छता, चिकित्सीय सुविधाएं, बैरकों की स्थिति, रसोईघर, जलापूर्ति, विद्यालयी व्यवस्था तथा अभिलेखों का गहन अवलोकन किया गया। निरीक्षण के उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला कारागार अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्देशित किया कि कारागार एवं किशोर सम्प्रेक्षण गृह में मानकों के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए।
