- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। जनपद के घोरावल क्षेत्र अंतर्गत अहरौरा गांव में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राज्यीय वालीबॉल प्रतियोगिता का समापन खेल भावना, उत्साह और तालियों की गूंज के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि आशीष त्रिपाठी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में सुनील पांडेय, घोरावल विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्य एवं प्रकाश पालिक्लिनिक अस्पताल के चेयरमैन डॉ. एच.पी. सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खाख और चंदौली की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें रोमांच अपने चरम पर रहा। दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खाख की टीम ने लगातार दो सेट जीतकर मुकाबले को अपने नाम किया और विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। दर्शकों ने हर पॉइंट पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे पूरा मैदान खेल के जश्न में डूबा नजर आया। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के कर-कमलों से विजेता टीम खाख को ₹9,100 नकद पुरस्कार एवं चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम चंदौली को ₹6,100 नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान खिलाड़ियों के चेहरों पर जीत की खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया। इस आयोजन में बजरंग वालीबॉल क्लब अहरौरा के अध्यक्ष पंकज शास्त्री, सचिव दीपक शर्मा, संरक्षक हीरामन जी, उपाध्यक्ष विजय यादव, महामंत्री अरविंद भारती, क्रीड़ा प्रमुख हनुमान जी सहित श्रीपति त्रिपाठी, प्रवीण त्रिपाठी, आलोक, रामौतार जी, सुनील तिवारी, संतोष पांडेय, मुर्शीद जमाल, जितेंद्र, अरुण शर्मा एवं दिलीप जी की सक्रिय भूमिका रही।
