- रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार
गाजियाबाद। जिले से दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां किराया मांगने गई मकान मालकिन की उसके ही किरायेदार दंपति ने बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव के टुकड़े कर उसे सूटकेस में भरकर बेड के अंदर छिपा दिया गया। घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और परिजनों की सतर्कता से हुआ।
जानकारी के अनुसार, नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित औरा चिमेरा सोसाइटी में उमेश शर्मा का फ्लैट है। उन्होंने जुलाई 2025 में अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता को कमरा किराए पर दिया था। परिजनों के मुताबिक, पिछले छह महीनों से किराया बकाया था। 17 दिसंबर की शाम को उमेश शर्मा की पत्नी दीपशिखा शर्मा किराया मांगने किरायेदार के फ्लैट पर गई थीं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटीं।
रात करीब 11:20 बजे तक दीपशिखा के वापस न आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें दीपशिखा शर्मा किरायेदार अजय गुप्ता के कमरे में जाते हुए तो दिखाई दीं, लेकिन बाहर निकलते हुए नहीं दिखीं। इससे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई।
परिजन सीधे फ्लैट पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। काफी देर बाद दरवाजा खुला तो अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता भागने लगे। शोर सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, जहां बेड के अंदर रखे लाल रंग के सूटकेस से दीपशिखा शर्मा का शव बरामद हुआ। शव के टुकड़े किए गए थे और उन्हें बैग में पैक किया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे ने बताया कि 17 दिसंबर की रात पीआरवी को सूचना मिली थी कि उमेश शर्मा की पत्नी दीपशिखा शर्मा लापता हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से किराया मांग रही थीं और किरायेदार दंपति टाल-मटोल कर रहे थे। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
