ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत सिरसा में बड़ी कार्रवाई, 17.280 किलो चूरा पोस्त के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार

ऐलनाबाद/सिरसा,  (एम पी भार्गव) 2025।हरियाणा सरकार के नशा मुक्त प्रदेश के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चल रहे राज्यव्यापी अभियान ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की यूनिट सिरसा ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ब्यूरो की टीम ने रेलवे फाटक, सिरसा के समीप स्थित पार्क से चूरा पोस्त की तस्करी में संलिप्त एक नशा तस्कर को नशीले पदार्थ सहित गिरफ्तार किया है।

यूनिट प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ब्यूरो प्रमुख एवं पुलिस महानिदेशक श्री ओ.पी. सिंह के दिशा-निर्देशों पर पूरे प्रदेश में नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री मोहित हांडा के नेतृत्व में की गई।

उन्होंने बताया कि यूनिट की टीम एएसआई चानन राम के साथ थाना सिविल लाइन सिरसा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान एएसआई चानन राम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक नशा तस्कर रेलवे फाटक, सिरसा के पास स्थित पार्क में चूरा पोस्त लेकर तस्करी की फिराक में बैठा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद दो बैगों से कुल 17.280 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। आरोपी की पहचान गुरविंद्र सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी थैहडी मोहर सिंह, थाना रानिया, जिला सिरसा के रूप में हुई है।

इस संबंध में थाना सिविल लाइन, सिरसा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मुकदमा संख्या 822/2025 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.