मोदीनगर। अवैध निर्माण एवं अवैध कालोनियों के विरुद्ध उपाध्यक्ष महोदय के सख्त निर्देशों के तहत गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने आज 11 दिसंबर 2025 को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रभारी प्रवर्तन जोन-02 के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में लगभग 26 बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग और निर्माण को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन टीम में श्री संजय, श्री योगेन्द्र, श्री अनिल पुत्रगण श्री चमन सिंह, श्री मनोज पुत्र श्री मांगे राम एवं श्री बबलू चौधरी शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले खसरा संख्या 239, ग्राम सादाबाद जखैवा, परगना जलालाबाद (अबूपुर), सहरावत फार्म वाली सड़क, अबूपुर रोड रजवाहा, मोदीनगर पर लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल में हो रही अवैध प्लॉटिंग को चिन्हित कर ध्वस्त किया।
इसी प्रकार श्री अमित व हरीश पुत्र श्री सुरेंद्र सिंह द्वारा खसरा संख्या 129 व 130, ग्राम सादाबाद जखैवा, मोदीनगर, गाजियाबाद में लगभग 4000 वर्ग मीटर में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार का स्वीकृत मानचित्र अथवा प्राधिकरण की अनुमति से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसके अतिरिक्त श्री अंकुर नेहरा पुत्र श्री संतोष नेहरा द्वारा खसरा संख्या 588, ग्राम बिसोखर, संतपुरा बिसोखर (चामुंड) के पास, तहसील मोदीनगर में लगभग 12,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां पहले से सड़क पर मिट्टी भराई, चिनाई कार्य एवं बिजली के पोल लगाए जा चुके थे। जीडीए टीम ने मौके पर बनी सड़क, बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस सहित सभी अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर अभियान को बिना किसी बाधा के पूरा कराया।
सहायक अभियंताओं ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर/मेट, स्थानीय पुलिस बल व प्राधिकरण पुलिस बल पूर्ण रूप से मौजूद रहा।
जीडीए की यह कार्रवाई क्षेत्र में तेजी से फैल रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही के रूप में देखी जा रही है।
