लखीसराय में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: सघन छापेमारी, वाहन जब्त, करोड़ों की वसूली

लखीसराय (सरफराज आलम)। जिला समाहर्ता के निर्देश और खान एवं भूतत्व विभाग, बिहार सरकार के मार्गदर्शन में 09 दिसंबर 2025 की रात्रि को जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए एक व्यापक और सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई खनिज विकास पदाधिकारी, खान निरीक्षक तथा सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

अभियान के दौरान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र में मोकामा–मुंगेर सड़क (NH-80) पर बालू लदे वाहनों की गहन जांच की गई। वहीं रामपुर–लाखोचक मुख्य मार्ग पर भी कई वाहनों की तलाशी ली गई।
किउल नदी के अबंदोबस्त बालूघाटों का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों, दस्तावेजों और संचालन प्रक्रियाओं की विस्तृत जांच की गई।

छापेमारी के क्रम में तेतरहाट थाना क्षेत्र में नियम 30(4), बिहार खनिज संशोधित नियमावली 2024 के उल्लंघन में एक वाहन जब्त किया गया। जब्त वाहन को दंड वसूली के लिए टी.ओ.पी., बाजार समिति में सुरक्षित रखा गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025–26 में अब तक

कुल 1350 छापेमारियां,

84 प्राथमिकी,

85 वाहन जब्त,

तथा 14.08 करोड़ रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है।

इनमें से 85.26 लाख रुपये की वसूली भी की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी है, जिसके चलते अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

समाहर्ता, लखीसराय ने निर्देश दिया है कि सभी संवेदनशील स्थलों पर निरंतर निगरानी रखी जाए, गश्ती दलों की संख्या और सक्रियता बढ़ाई जाए तथा परिवहन मार्गों पर नियमित जांच को सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अवैध खनन या संदिग्ध वाहनों की सूचना तुरंत संबंधित थाना या जिला खनन कार्यालय को दें।
अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए चलाया जा रहा यह अभियान जिले में सकारात्मक प्रभाव छोड़ रहा है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.