रामपुर:विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ में आने के बाद रामपुर जिले में प्रदेश का पहला मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला एक महिला द्वारा एसआईआर फॉर्म में विदेश में रहने वाले अपने दो बेटों के संबंध में गलत जानकारी देने और फॉर्म में फर्जी हस्ताक्षर करने से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार महिला के दोनों बेटे पिछले कई वर्षों से दुबई और कुवैत में रह रहे हैं, लेकिन उसने उन्हें भारत में निवासरत दिखाते हुए जानबूझकर गलत जानकारी फॉर्म में भर दी। साथ ही उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर दस्तावेज जमा कर दिया। जब बीएलओ द्वारा फॉर्म का डिजिटाइजेशन किया गया तो यह धोखाधड़ी उजागर हो गई।
जिलाधिकारी रामपुर अजय कुमार द्विवेदी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन व्यक्तियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि एसआईआर फॉर्म में तथ्यों को छुपाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने की यह प्रदेश में पहली एफआईआर है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन सूची को शुद्ध एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति गलत जानकारी देकर नियमों का दुरुपयोग न कर सके।
