पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पाइटेक्स 2025 का किया भव्य उद्घाटन

आध्यात्मिकता और व्यापार का संगम: पाइटेक्स के जरिए पंजाब ग्लोबल मार्केट से जुड़ रहा है हरपाल चीमा बोले— पाइटेक्स, पंजाब को अंतरराष्ट्रीय ट्रेड हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम

अमृतसर — भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को अमृतसर में 19वें पाइटेक्स 2025 (Punjab International Trade Expo) का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने श्री हरिमंदिर साहिब की पावन धरती को आध्यात्मिकता और समृद्ध व्यापारिक संभावनाओं का संगम बताते हुए कहा कि अमृतसर न केवल विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र है, बल्कि अब यह व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में भी तेजी से अग्रसर है।

कोविंद ने कहा कि पाइटेक्स जैसे अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले पंजाब को वैश्विक बाजारों से जोड़ने का बेहतरीन माध्यम बन चुके हैं। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि यह मेगा ट्रेड एक्सपो पंजाब सरकार के सहयोग से सफलतापूर्वक आयोजित हो रहा है। पूर्व राष्ट्रपति ने सुझाव दिया कि भविष्य में पाइटेक्स जैसे बड़े ट्रेड शो देश की राजधानी दिल्ली सहित अन्य महानगरों में भी आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि पंजाब के उत्पादों और उद्योग को और व्यापक पहचान मिल सके।

इस अवसर पर पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का यहाँ आगमन पंजाब के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पाइटेक्स में पंजाब सहित देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों की व्यापक भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे व्यापारिक अवसरों का विस्तार होगा और स्थानीय उद्योगों को नई दिशा मिलेगी।

चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के जापान दौरे के सकारात्मक नतीजे जल्द ही देखने को मिलेंगे, जिससे पंजाब में बड़े पैमाने पर उद्योग और निवेश आने की संभावना है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पंजाब अंतरराष्ट्रीय व्यापार हब के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा।

अमृतसर में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला कई देशों के प्रतिनिधियों और व्यापारिक संस्थाओं को एक मंच पर लाकर पंजाब की आर्थिक संभावनाओं को सशक्त बना रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.