सोनभद्र: चहुंओर सफलता का मार्ग प्रशस्त करता कोन ब्लॉक, शिक्षा विभाग की नवंबर रैंकिंग में फिर बना सर्वोच्च

बीईओ विश्वजीत कुमार के कुशल नेतृत्व की हो रही जमकर सराहना

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। “जहां चाह, वहां राह”—इस कहावत को सच साबित कर दिखा रहा है दुरूह क्षेत्र का कोन ब्लॉक। शिक्षा विभाग द्वारा जारी नवंबर माह की रैंकिंग में कोन ब्लॉक ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।

जिले में प्रत्येक माह शिक्षा संबंधी विभिन्न प्राथमिक कार्यों के आधार पर रैंकिंग जारी की जाती है, जिसमें कोन ब्लॉक लगातार शीर्ष पर बना हुआ है। अध्यापकों की कमी जैसी प्रमुख चुनौतियों के बावजूद लगातार श्रेष्ठ प्रदर्शन यह दर्शाता है कि यहां के शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ निभा रहे हैं।

कोन ब्लॉक की इस उपलब्धि के पीछे ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार का मजबूत प्रशासनिक नेतृत्व और प्रभावी कार्यशैली महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अनेक शिक्षकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उनके आगमन के बाद से ब्लॉक में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल विकसित हुआ है, जिसका परिणाम अब रैंकिंग में स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए बीईओ विश्वजीत कुमार ने विनम्रता के साथ पूरा श्रेय अपने कर्मठ एवं समर्पित अध्यापकों को दिया।

रैंकिंग में रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक दूसरा तथा नगवां ब्लॉक तीसरे स्थान पर रहा।

कोन ब्लॉक की यह लगातार सफलता शिक्षा व्यवस्था में प्रेरणा का नया अध्याय लिखते हुए जिले की कार्यप्रणाली के लिए आदर्श बनती जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.