लखीसराय में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक: खाद्यान्न वितरण, E-KYC अद्यतन और कमर्शियल गैस उपयोग पर डीएम के सख्त निर्देश
लखीसराय(सरफराज आलम) समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में खाद्यान्न वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुचारु और लाभार्थी–केंद्रित बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
डीएम ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता इसी में है कि उनका लाभ समय पर और सही तरीके से पात्र परिवारों तक पहुँचे।बैठक में खाद्यान्न वितरण, E-KYC, आधार सीडिंग, पीडीएस वैकेंसी, नए राशन कार्ड निर्माण (प्रपत्र–‘क’) और मौजूदा राशन कार्ड संशोधन (प्रपत्र–‘ख’) की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। DM ने सभी अधिकारियों को लंबित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले के सभी होटल, दुकान और रेस्टोरेंट में कमर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग अनिवार्य होगा। नियम उल्लंघन पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
E-KYC और आधार सीडिंग के महत्व पर जोर देते हुए DM ने कहा कि जिन परिवारों का KYC पूर्ण नहीं है, वे तुरंत इसे अद्यतन करवाएँ। बिना KYC पूर्ण किए लाभ नहीं मिलेगा, और यदि कोई डीलर ऐसे उपभोक्ताओं को राशन देगा, तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।जनहित में नए राशन कार्ड के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जिससे पात्र गरीब परिवारों को योजनाओं का लाभ तेजी से मिल सके। DM ने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रह जाए, इसके लिए अधिकारी पूर्ण निष्ठा से कार्य करें।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) वंदना पाण्डेय, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी तथा सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित रहे।
