ऐलनाबाद, 30 नवंबर (एम.पी. भार्गव)। 69वीं राष्ट्रीय स्कूल स्तरीय खेल प्रतियोगिता में राजस्थान की उभरती धाविका मुक्ता मैहर वाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता भिवानी में आयोजित की जा रही है, जहां देशभर से प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुक्ता कृष्णा स्पोर्ट्स अकैडमी, मिठनपुरा (ऐलनाबाद) से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं और पिछले दो वर्षों से कोच सुनील जाट के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रही हैं। कठिन मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि हासिल कर राजस्थान का मान बढ़ाया है।
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए मुक्ता ने कहा कि वह दो वर्षों से कोच सुनील जाट व सरपंच अजय सोलंकी के सानिध्य में निःशुल्क प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने अपने पदक का श्रेय अपने कोच, माता-पिता और अकैडमी को दिया।
कृष्णा स्पोर्ट्स अकैडमी में इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली मुक्ता की इस सफलता ने स्थानीय खिलाड़ियों में भी नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
