रामपुर में जिला सैनिक बन्धु बैठक सम्पन्न, भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण पर हुई चर्चा

रामपुर। विकास भवन सभागार में सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ले कर्नल पंकज नैथानी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बन्धु बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के प्राथमिकता अनुसार त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया और आख्या शीघ्र उपलब्ध कराने के आदेश दिए। उन्होंने उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों से आग्रह किया कि किसी भी समस्या के लिए वे निःसंकोच उनके कार्यालय में आकर मिलें।

बैठक के दौरान गन लाइसेंस से संबंधित एक भूतपूर्व सैनिक द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र पर तत्क्षण संबंधित कार्यालय से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही यह सुझाव भी दिया गया कि प्रार्थना पत्र के साथ संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क करना समस्याओं के शीघ्र समाधान में सहायक होगा।

बैठक में भूतपूर्व सैनिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को प्रार्थना पत्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सत्य मूर्ति तोमर, सहायक कोषाधिकारी सुभाष चन्द्र एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.