बदायूं: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 317 जोड़ों का विवाह सम्पन्न

बदायूं (संजना भारती )। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज, बदायूं में भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 290 हिंदू एवं 27 मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 317 जोड़ों का विवाह एवं निकाह माननीय जनप्रतिनिधियों तथा जिला प्रशासन की उपस्थिति में सम्पन्न कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महेश चंद्र गुप्ता, सदर विधायक बदायूं ने कहा कि यह योजना उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों और धर्मों के गरीब परिवारों को ध्यान में रखते हुए चलाई गई है। इस योजना का उद्देश्य बेटियों के विवाह को सम्मानजनक और भव्य रूप से संपन्न कराना है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिल सके।

भारतीय जनता पार्टी बदायूं के जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार का अनूठा प्रयास है। इस योजना के माध्यम से दहेज जैसी कुप्रथाओं से मुक्ति दिलाने का सार्थक कार्य किया जा रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता को कम कर रही है। उन्होंने लोगों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने एवं प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में चयनित नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र एवं उपहार सामग्री भी प्रदान की गई। अतिथियों और अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर सभी नवदंपत्तियों के सुखी दांपत्य जीवन की कामना की।

इस अवसर पर वागीश पाठक, विधान परिषद सदस्य, जितेंद्र यादव, पूर्व विधान परिषद सदस्य, अवनीश राय, जिलाधिकारी बदायूं, केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, सुश्री मीनाक्षी वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.