एएसपी फैसल खान ने अनाज मंडी ऐलनाबाद में नशा व अपराध नियंत्रण को लेकर की जनसंवाद बैठक

ऐलनाबाद, । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार पुलिस और आमजन के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने तथा नशा व अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से एएसपी फैसल खान ने अनाज मंडी ऐलनाबाद के एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक की।

बैठक में एएसपी फैसल खान ने कहा कि नशा और अपराध समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। ऐसे में इन बुराइयों को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम जनता का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और अपराधियों को जेल भेजा जा रहा है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई नशा बेचता है या नशे का आदी है, तो तुरंत सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते उसका इलाज कर उसे मुख्यधारा में जोड़ा जा सके।

एएसपी ने यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट और ट्रिपल राइडिंग से बचें। सर्दियों में दुर्घटनाओं से बचने के लिए वाहनों पर रिफ्लेक्टर अवश्य लगाएं और निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं।

उन्होंने कहा कि आपसी विवादों को पंचायती स्तर पर निपटाकर समाज में भाईचारा बनाए रखना चाहिए। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से गांवों और शहरों में ठीकरी पहरा सुनिश्चित किया जाना चाहिए। रात्रि में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

अंत में एएसपी फैसल खान ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य समाज को पूरी तरह नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाना है, और इसे सफल बनाने के लिए जनसहयोग अत्यधिक जरूरी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.