थाना गंज क्षेत्र में चला बालश्रम उन्मूलन अभियान, विभिन्न दुकानों से 4 बच्चे रेस्क्यू — पुलिस, श्रम विभाग व चाइल्ड लाइन की संयुक्त कार्रवाई

रामपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल पर्यवेक्षण में अखिल भारतीय बाल बचाव एवं पुनर्वास किशोर श्रम उन्मूलन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई। थाना AHTU पुलिस, श्रम विभाग और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम ने सोमवार को थाना गंज क्षेत्र में बालश्रम उन्मूलन, बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी रोकथाम एवं बाल विवाह जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया।
टीम ने होटल, ढाबा, कपड़ा शोरूम, मोटरसाइकिल रिपेयर दुकानों सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान कुल 4 बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराते हुए रेस्क्यू किया। सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों और सेवायोजकों को बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियम) अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी और स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को काम पर रखना दंडनीय अपराध है। मेडिकल स्टोर, होटल व ढाबा संचालकों को बालश्रम रोकथाम के संबंध में कड़ी हिदायत देते हुए चेताया गया कि कानून का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम ने बाल तस्करी, बाल विवाह, महिला कल्याण योजनाओं के बारे में भी स्थानीय नागरिकों को जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य समाज को बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाना और बच्चों को शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य प्रदान करना है।
अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.