रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल करेंगे कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हरियाणा पवेलियन का उद्घाटन

कुरुक्षेत्र (हरियाणा)। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत कल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरियाणा पवेलियन का शुभारंभ करेंगे। यह पवेलियन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा द्रौपदी कूप क्षेत्र में स्थापित किया गया है। एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, इस पवेलियन में हरियाणा की लोक कला, संस्कृति और समृद्ध प्राचीन विरासत को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। युवा कलाकार लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कला रूपों की प्रस्तुतियाँ देंगे।

इसके साथ ही, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के श्रीमद्भगवद् गीता सदन में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का भी कल उद्घाटन होगा, जिसमें देश-विदेश के प्रख्यात विद्वान शामिल होंगे। संगोष्ठी में गीता दर्शन, शिक्षा, सामाजिक समरसता और वैश्विक शांति पर विशेषज्ञ अपने विचार रखेंगे।

प्रवक्ता ने बताया कि विदेश मंत्रालय के सहयोग से दुनिया के 50 देशों में भी गीता जयंती उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिससे भारतीय संस्कृति और गीता के संदेश का वैश्विक मंच पर व्यापक प्रसार संभव हो रहा है। इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में मध्य प्रदेश को पार्टनर राज्य के रूप में शामिल किया गया है, जहाँ की संस्कृति और परंपराओं का भी विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।

कुरुक्षेत्र में आयोजित यह महोत्सव गीता के शाश्वत ज्ञान और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली धरोहर को विश्व पटल पर स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.