- रिपोर्ट: प्रियंका सिंह
नई दिल्ली, 21 नवंबर 2025।FICCI के 15वें ग्लोबल स्पोर्ट्स समिट ‘TURF 2025’ और ‘इंडिया स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2025’ में रिलायंस फाउंडेशन को खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता एम. अंबानी की नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शी सोच को FICCI द्वारा विशेष रूप से सराहा गया। फाउंडेशन को ‘बेस्ट कॉर्पोरेट प्रमोटिंग स्पोर्ट्स – हाई परफॉर्मेंस’ का अवॉर्ड प्रदान किया गया।
FICCI ने कहा कि यह सम्मान नीता अंबानी के उस योगदान के लिए है, जिसने भारत की खेल महत्वाकांक्षाओं को नई दिशा दी है। इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (IOC) की पहली भारतीय महिला सदस्य के रूप में, उन्होंने भारत में ओलंपिक मूवमेंट को नई ऊर्जा दी है। उनके नेतृत्व में, रिलायंस फाउंडेशन ने जमीनी स्तर से लेकर एलीट एथलीट डेवलपमेंट तक अनेक परिवर्तनकारी पहलें की हैं।
नीता अंबानी ने अवॉर्ड देश के युवा खिलाड़ियों को समर्पित किया
सम्मान स्वीकार करते हुए नीता अंबानी ने कहा—
“आने वाला दशक भारतीय खेलों का स्वर्णिम दशक होगा। भारत को वैश्विक मल्टी-स्पोर्टिंग पावरहाउस बनने का समय आ गया है। 2036 ओलंपिक की मेजबानी भारत का सपना ही नहीं, बल्कि 1.4 अरब भारतीयों की आकांक्षा है। रिलायंस फाउंडेशन इस सपने को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने बताया कि रिलायंस फाउंडेशन के खेल कार्यक्रमों ने अब तक 2 करोड़ 30 लाख युवाओं के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। फाउंडेशन स्कूल स्तर, ग्रामीण खेल, और हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग समेत हर स्तर पर प्रतिभाओं को संवार रहा है।
महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर भी बोलीं नीता अंबानी
“खेल समाज को जोड़ते हैं और राष्ट्र को ऊर्जा देते हैं। हमारी बेटियां आज दुनिया भर में तिरंगा लहरा रही हैं। जब हमारी लड़कियां खेलती हैं, तब हर लड़की और हर महिला की जीत होती है,”—उन्होंने कहा।
इस अवसर पर नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और स्पोर्ट्स इनोवेशन के विशेषज्ञों ने भारत के खेल भविष्य पर चर्चा की और देश को स्पोर्ट्स सुपरपावर बनाने के विज़न पर एकजुटता जताई।
