सोनभद्र सड़क हादसा: बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, पिकअप की टक्कर से उड़े परखच्चे

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र।दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर/शाहपुर गांव में शुक्रवार सुबह लगभग 6 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। रीवा–रांची मार्ग पर कनहर पुल से पहले एक अनियंत्रित पिकअप ने सामने से जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही बाइक सवार की मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान विश्वनाथ यादव (44 वर्ष), निवासी धुमा गांव के रूप में हुई है। वह रेणुकूट स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे और रोजाना की तरह आज भी ड्यूटी के लिए जा रहे थे। पिकअप की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और टुकड़े-टुकड़े होकर सड़क पर बिखर गई।
राहगीर दीपक ने तेज धमाके की आवाज सुनते ही घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और मृतक के आधार कार्ड के आधार पर पहचान कर परिजनों को सूचित किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई थी, और यही हादसे का प्रमुख कारण हो सकता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है जबकि पिकअप चालक की तलाश जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.