23 नवंबर को रामपुर आएंगे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, सरदार पटेल की 150वीं जयंती कार्यक्रम में होंगे शामिल
रामपुर।उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 23 नवंबर 2025 को रामपुर के दौरे पर रहेंगे। वह सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के साथ-साथ जिले की विकास परियोजनाओं का भी निरीक्षण करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री राजकीय हेलीकॉप्टर से पूर्वाह्न 11:50 बजे पुलिस लाइन, रामपुर पहुंचेंगे। यहां से वह सीधे अंबेडकर पार्क जाएंगे, जहां लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसके बाद लगभग 01:15 बजे वह संत शिरोमणि रविदास सर्किट हाउस में जिले के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक के उपरांत केशव मौर्य जनपद में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे।
दौरे के अंत में उपमुख्यमंत्री जिले के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे तथा प्रेस वार्ता कर अपने विचार साझा करेंगे।
