फरीदाबाद न्यूज: फतेहपुर बिल्लौच की मांदकौल रोड बनी हादसों का गड्ढा, 20 गांवों की जिंदगी खतरे में

फरीदाबाद। फतेहपुर बिल्लौच गांव की मांदकौल रोड इन दिनों लोगों के लिए मुसीबत का बड़ा कारण बन चुकी है। करीब 15 से 20 गांवों को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग पिछले दो से तीन साल से पूरी तरह जर्जर पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, टूटी डामर और बरसात के दिनों में जमा होने वाला पानी इस रास्ते को अत्यंत खतरनाक बना देता है।

सड़क पर गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़क नजर आती है

मौजूदा हालात ऐसे हैं कि दोपहिया वाहनों से लेकर हल्के चारपहिया वाहनों तक का चलना जोखिम भरा हो गया है। बरसात होते ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है और गड्ढे पानी में पूरी तरह छिप जाते हैं। कई लोग फिसलकर गिर चुके हैं और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन शिकायतों पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

दो-तीन साल से बदहाल है सड़क—स्थानीयों में रोष

Local18 से बात करते हुए फतेहपुर बिल्लौच निवासी लाल सिंह ने बताया कि यह रोड पिछले दो से तीन साल से टूटी पड़ी है। इसी एक रास्ते से लगभग 20 गांव जुड़े हुए हैं, लेकिन मरम्मत के नाम पर कोई पहल नहीं की गई।

लाल सिंह कहते हैं, “कई बार शिकायत की, अधिकारीयों को बताया, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता है। इतनी खराब हालत में तो हादसा होना तय है। हम चाहते हैं कि खानापूर्ति नहीं, पूरी मरम्मत हो और सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।”

जनता की मांग—सिर्फ मरम्मत नहीं, सड़क का पुनर्निर्माण हो

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि केवल पैचवर्क या भराव से काम नहीं चलेगा। यहां पूरी सड़क का पुनर्निर्माण जरूरी है, क्योंकि यह क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जिला मुख्यालय और पलवल से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।

प्रशासन से उम्मीदें

लोगों की मांग है कि प्रशासन तुरंत संज्ञान लेकर सड़क का सर्वे करवाए और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाए, ताकि रोजमर्रा की आवाजाही सुरक्षित हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.