हमीरपुर: महिला की हत्या का खुलासा—महोबा में तैनात दरोगा अंकित यादव ने की थी वारदात

  • रिपोर्ट: मंजय वर्मा

हमीरपुर में विगत दिनों मिली महिला की लाश के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि महोबा जिले में तैनात दरोगा अंकित यादव ने ही महिला की हत्या की थी। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान किरण गौतम निवासी ग्राम मकरबई, थाना कबरई, जिला महोबा के रूप में हुई है।
सूत्रों के अनुसार दरोगा अंकित यादव महिला के दहेज प्रताड़ना मामले की विवेचना कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। बताया जा रहा है कि महिला लगातार दरोगा पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
आरोप है कि इसी दबाव से बचने के लिए दरोगा अंकित यादव ने हत्या की साजिश रची। प्लानिंग के तहत उसने अपने मित्र की स्विफ्ट कार ली और महिला को घूमाने के बहाने अपने साथ ले गया। एक सुनसान जगह पहुंचकर उसने महिला की हत्या कर उसके शव को फेंक दिया।
हमीरपुर पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी है। पुलिस टीम ने हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी दरोगा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना के उजागर होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.