- रिपोर्ट: शिवेंदु शुभम
सोनभद्र, 12 नवंबर।जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद बुधवार सुबह उस वक्त खूनखराबे में बदल गया जब पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बकवार गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, लालधारी कोहार पर उसके बेटे अमरनाथ कोहार (35) ने अपनी पत्नी अर्चना देवी (32) के साथ मिलकर हमला किया। बताया गया कि पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आकर अमरनाथ ने पत्नी की मदद से कुल्हाड़ी से अपने पिता पर वार कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घायल लालधारी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पन्नूगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी दंपती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल, गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।
