लखीसराय: ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने पर पुलिस केंद्र में हुआ सामूहिक गायन का आयोजन
एसपी अजय कुमार के निर्देश पर वंदे मातरम् गीत समारोह का किया गया भव्य आयोजन
- सरफराज आलम की रिपोर्ट
लखीसराय। ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज पुलिस केंद्र, लखीसराय में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर ‘वन्दे मातरम्’ गीत समारोह का भव्य आयोजन किया गया।इस मौके पर सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने एक स्वर में ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। समारोह का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना और मातृभूमि के प्रति समर्पण के भाव को पुनः जागृत करना था।
इस मौके पर एसपी अजय कुमार ने कहा कि “वन्दे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान, एकता और अनुशासन का प्रतीक है।” उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण भाव से करने की अपील की। वहीं पुलिस कर्मी देशभक्ति के जोश व जुनून से पूरी तरह लबरेज दिखे।
कार्यक्रम के अंत में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ समारोह का समापन हुआ।
