Vande Bharat Express: प्रधानमंत्री मोदी करेंगे चार नई वंदे भारत ट्रेनों का शुभारंभ, कई राज्यों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर की सुबह वाराणसी से एक साथ चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये नई ट्रेनें यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव देंगी। साथ ही, इनके शुरू होने से विभिन्न राज्यों के बीच कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।
इन चार वंदे भारत ट्रेनों में बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रा का समय घटेगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगी। यह वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो के बीच सीधी और तेज यात्रा सुविधा देगी। अन्य ट्रेनों की तुलना में यात्रियों को लगभग ढाई घंटे की समय बचत होगी।
लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी। यह करीब 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे यात्रियों को लगभग 1 घंटे की बचत होगी। इससे लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर और सहारनपुर के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, यह ट्रेन हरिद्वार और रुड़की जाने वाले यात्रियों के लिए भी सुविधाजनक साबित होगी।
फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
यह ट्रेन सिर्फ 6 घंटे 40 मिनट में यात्रा पूरी करेगी और इस रूट की सबसे तेज ट्रेन बनेगी। इसके संचालन से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के बीच यात्रा न केवल तेज बल्कि अधिक सुविधाजनक होगी।
एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस
दक्षिण भारत में यह ट्रेन केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक को जोड़ेगी। यह ट्रेन 8 घंटे 40 मिनट में यात्रा पूरी करेगी और लगभग 2 घंटे की बचत कराएगी।
इन चारों नई ट्रेनों के संचालन से भारतीय रेल में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। यह कदम न सिर्फ देश की आधुनिक रेल प्रणाली को नई दिशा देगा, बल्कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर एक और मजबूत कदम साबित होगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.