हरियाणा बीज विकास निगम द्वारा रबी फसलों के बीज की बिक्री शुरू

  • रिपोर्ट एम पी भार्गव ऐलनाबाद

ऐलनाबाद, सिरसा;

हरियाणा बीज विकास निगम लिमिटेड (एचएसडीसी) ने राज्य के किसानों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से रबी फसलों के बीज की बिक्री प्रारंभ कर दी है। निगम के सिरसा यूनिट के सभी सेल काउंटरों पर बीज की बिक्री शुरू की गई है।
निगम की ओर से बताया गया कि सरकार की सब्सिडी योजना के तहत प्रमाणित बीजों को किसानों को रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे गुणवत्तापूर्ण बीजों के साथ अपनी खेती में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें।
हरियाणा बीज विकास निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने जानकारी दी कि निगम के विभिन्न बिक्री केंद्रों पर गेहूं, सरसों, चना और जौ जैसी प्रमुख रबी फसलों के प्रमाणित और उच्च गुणवत्ता वाले बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी एचएसडीसी बिक्री केंद्र से बीज प्राप्त कर समय पर बुआई पूर्ण करें।
उन्होंने किसानों को नकली और अप्रमाणित बीजों से सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि किसान केवल सरकारी बिक्री केंद्रों से ही बीज खरीदें, ताकि गुणवत्ता की गारंटी बनी रहे।क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि बीजों की बिक्री “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जा रही है, इसलिए किसानों से अनुरोध है कि वे शीघ्र अपने नजदीकी केंद्र से बीज प्राप्त करें और रबी सीजन की तैयारी समय से पूरी करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.