हरियाणा दिवस के उपलक्ष में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रेस वार्ता

हरियाणा, 1 नवंबर (डॉ. एम.पी. भार्गव): 1966 में आज ही के दिन हरियाणा का गठन एक अलग राज्य के रूप में हुआ था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को 60वें हरियाणा दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के 109वें जन्मदिवस के अवसर पर ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी ऐप’ का शुभारंभ किया गया था। 31 अक्टूबर 2025 तक इस योजना के अंतर्गत 6 लाख 97 हजार 697 महिलाओं ने सफलतापूर्वक आवेदन किया, जिनमें से 5 लाख 22 हजार 162 महिलाएं जांच उपरांत पात्र पाई गईं।

इस योजना का लाभ 23 वर्ष या उससे अधिक आयु की वे महिलाएं ले सकती हैं जिनके परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपए से कम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है। उन्होंने बटन दबाकर 5 लाख 22 हजार 162 पात्र बहन-बेटियों के खातों में 2100 रुपए की आर्थिक सहायता राशि ट्रांसफर की।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर पूरे प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री की प्रक्रिया भी लागू की। इस पहल के तहत 29 सितंबर से 31 अक्टूबर 2025 तक कुल 917 पेपरलेस रजिस्ट्री की जा चुकी हैं। इस नई व्यवस्था से रजिस्ट्री की दशकों पुरानी जटिल प्रक्रिया से आमजन को मुक्ति मिलेगी।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि इस वर्ष हरियाणा दिवस पर राज्य सरकार तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन कर रही है। यह उत्सव हरियाणा वासियों की छह दशकों की श्रम, साधना और सफलताओं की गाथा को समर्पित है।

उन्होंने बताया कि आज से प्रदेश में गुरु श्री तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो सप्ताह पहले ही उनकी सरकार ने जनसेवा के 11 वर्ष पूरे किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी डबल इंजन सरकार हरियाणा को इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंक्लूसिव ग्रोथ के मार्ग पर ले जा रही है। हमने अपने संकल्प पत्र के 217 में से 47 वादों को एक साल में ही पूरा कर दिखाया है, जबकि 158 वादों पर कार्य प्रगति पर है।”

उन्होंने बताया कि गरीबों को बिजली बिल से राहत देने के लिए पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत अब तक 37 हजार 825 सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। दयाल योजना के तहत 8 हजार 299 पात्र परिवारों को लगभग 310 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा में 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। पिछले 11 फसल सीजन में 12 लाख किसानों के खातों में 1 लाख 61 हजार करोड़ रुपए सीधे डाले गए हैं।

उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने ग्रुप सी और डी की भर्तियों में इंटरव्यू की प्रक्रिया समाप्त कर दी है। अब तक 1 लाख 80 हजार युवाओं को सरकारी सेवा में पूरी पारदर्शिता से शामिल किया गया है और यह सिलसिला जारी रहेगा।

हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से 1 लाख 20 हजार युवाओं को रोजगार सुरक्षा दी गई है। प्रदेश में 5 लाख महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है। आज हरियाणा में महिलाओं के नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स 50 प्रतिशत तक पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 6 से बढ़कर 17 हो गई है और एमबीबीएस सीटें 700 से बढ़कर 2,385 हो चुकी हैं। पिछले 11 वर्षों में 12 लाख 20 हजार 872 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों का पंजीकरण किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2025 को महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 की आधारशिला रखी थी। राज्य सरकार ने हर जिले को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 21 नए राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणा की है, जिनमें से 13 का कार्य पूरा हो चुका है।

अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा —
“हरियाणा का संतुलित विकास ही हमारी सरकार का लक्ष्य है।”

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.