चुनाव तैयारी और गृह मंत्री शाह के दौरे को लेकर हाई लेवल मीटिंग, डीएम बोले- वीआईपी सुरक्षा को बनाएं बहुस्तरीय, हर अधिकारी रहे अलर्ट मोड पर
- रिपोर्ट: सरफराज आलम
लखीसराय। बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारियों की समीक्षा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित लखीसराय आगमन के मद्देनज़र एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
गृह मंत्री की सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक में मुख्य रूप से गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई। डीएम श्री मिश्र ने अधिकारियों को सुरक्षा चक्र को बहुस्तरीय बनाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग, विशेष शाखा, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
यातायात और भीड़ नियंत्रण की रूपरेखा तैयार
जिला पदाधिकारी ने भीड़-नियंत्रण, सुगम यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, एम्बुलेंस की तैनाती तथा वीआईपी मूवमेंट के दौरान मार्ग सुरक्षा की पूर्ण रूपरेखा तैयार करने पर बल दिया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया और वीवीआईपी कार्यक्रम, दोनों ही प्रशासन के लिए समान रूप से प्राथमिकता के विषय हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल बना रहे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी, सम्बन्धित थाना प्रभारी एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
