जीविका दीदियों द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत मानव श्रृंखला बनाकर मतदाताओं को किया जागरूक

  • रिपोर्ट: सरफराज आलम 

लखीसराय। जीविका दीदियों द्वारा बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के निमित्त मतदाता जागरूकता कार्यक्रम अंतर्गत मानव श्रृंखला बनाकर मतदाताओं को जागरूक किया गया। जिला के सभी प्रखंडों में संकुल स्तरीय संघ के द्वारा सबसे पहले शत प्रतिशत मतदान के लिए विशेष बैठक आयोजित कर मतदान करने और कराने के लिए संकल्प लिया।
संकल्प सभा के बाद कई तरह की गतिविधियां आयोजित की गई। जीविका दीदियों ने सभी संकुल संघ और ग्राम संगठन के कार्यालय के सामने रंगोली बनाई फिर सड़क किनारे मानव श्रृंखला बनाकर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में अपनी सहभागिता दिखाई ।
जीविका दीदियों ने वोट डालने जाना है अपना फर्ज निभाना है समेत कई स्लोगन और नारों के साथ मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया।

सुबह में जीविका दीदियों ने मानव श्रृंखला बनाकर सामूहिक प्रयास के जरिए मतदाता जागरुकता अभियान में उत्साह और उमंग के साथ अपनी भागीदारी दिखाई।

लखीसराय जिला के पिपरिया प्रखंड में 27 सितंबर 2025 से लेकर अब तक जीविका संकुल स्तरीय संघ द्वारा 22, जीविका ग्राम संगठन द्वारा 40 एवं 5 सौ 56 स्वयं सहायता समूहों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गई हैं।

पिपरिया प्रखंड के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में पिछले एक माह में 392 हस्ताक्षर अभियान, 95 मेंहदी एवं रंगोली कार्यक्रम, 2 सौ 76 प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली तथा 2 सौ 80 घर -घर जाकर मतदाता जागरूकता अभियान कार्यक्रम चलाया गया है।

इसी तरह जिला के अन्य प्रखंड चानन, बड़हिया, रामगढ़ चौक, लखीसराय सदर, हलसी एवं सूर्यगढा में भी जीविका से संबद्ध सामुदायिक संगठनों के माध्यम से जीविका दीदियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान के तहत प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, मेंहदी एवं रंगोली कार्यक्रम विशेष बैठक और घर -घर जागरण अभियान जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.