सोनभद्र: सीएम योगी के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज, मंत्री व डीएम ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव

सोनभद्र। जनपद में आगामी 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासनिक अमले से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी स्तरों पर सक्रियता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थल चोपन रेलवे खेल मैदान और रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज का समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गौड़, जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक मिश्रा ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। यही स्थल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान मंत्री संजीव गौड़ ने कहा कि “15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सोनभद्र आगमन पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। यह दौरा न केवल जनजातीय समाज के गौरव का प्रतीक होगा, बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाएगा।” इस दौरान डीएम बद्रीनाथ सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। उन्होंने हेलीपैड, पार्किंग, मंच निर्माण, पेयजल, बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग, नगर पंचायत, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.