- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ अजीत पाण्डेय
सोनभद्र (बभनी)। विकास खंड बभनी के ग्राम पंचायत बरवाटोला ‘अ’ के ग्राम कनवा में मनरेगा के तहत बनाए जा रहे चेक डैम निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का आरोप सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है और मजदूरी भुगतान में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। उन्होंने इस संबंध में जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, जल संरक्षण के उद्देश्य से लगभग 9.5 लाख रुपये की लागत से कनवा गांव में लक्षनधारी के खेत के पास नाले पर चेक डैम का निर्माण कार्य करीब चार माह पूर्व शुरू किया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में ठेकेदार द्वारा अवैध खनन से निकाले गए बोल्डर, बालू, गिट्टी और सोलिंग का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि दो सप्ताह की मजदूरी मात्र 142 रुपये प्रतिदिन की दर से दी गई, जबकि मनरेगा के तहत निर्धारित मजदूरी दर 252 रुपये है। मजदूर हरिशंकर, समुन्दी, वनवास, सोमालिया, महगू, शिबरती, प्रवीण, जगशाह आदि ने मजदूरी में हुए इस घोटाले की शिकायत करते हुए विभागीय जांच की मांग की है।
इस संबंध में मनरेगा अवर अभियंता अयोध्या ने बताया कि “मजदूरी का भुगतान एबी के आधार पर किया गया है।”
वहीं मनरेगा एपीओ पंकज कुमार ने कहा कि “चेक डैम का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा तथा कम मजदूरी मिलने की शिकायत की जांच की जाएगी।”
