बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग के सामान्य प्रेक्षक सिद्धार्थ दास ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

लखीसराय(सरफराज आलम)सामान्य प्रेक्षक सिद्धार्थ दास (आई.ए.एस.) द्वारा बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 के अंतर्गत 167-सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सूर्यगढ़ा नगर परिषद, मतदान केंद्र का निरीक्षण किया गया।

इस क्रम में उन्होंने सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत अलग-अलग मतदान केंद्रों का भ्रमण कर निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान श्री दास ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए तथा मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं — जैसे बिजली, पेयजल, रैंप, शौचालय, व्हीलचेयर, सुरक्षा व्यवस्था आदि की भी समीक्षा की और यह सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक मतदाता को मतदान के दिन सहज एवं सुरक्षित वातावरण मिले। उन्होंने सेक्टर पदाधिकारियों से कहा कि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण रहें।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्ट्रांग रूम का भी दौरा किया तथा वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए उन्होंने सख्त निगरानी बनाए रखने का आदेश भी दिया।

सामान्य प्रेक्षक श्री दास ने यह भी कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र का महापर्व है, अतः सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करें ताकि लखीसराय जिला में शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं भयमुक्त मतदान संपन्न हो सके।

इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी, 167 सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र-सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता राहुल कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सूर्यगढ़ा, सेक्टर पदाधिकारी, संबंधित BLO तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.