ऐलनाबाद,सिरसा, 17 अक्टूबर(एम पी भार्गव ): हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उपायुक्त शांतनु शर्मा के मार्गदर्शन में वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी बलजीत सिंह ने जन समस्याएं सुनीं और उपस्थित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा उपमंडल ऐलनाबाद, कालांवाली व डबवाली में भी समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिला में आयोजित समाधान शिविरों में वीरवार को कुल 17 शिकायतें आई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ तय समय में पूरा करें, ताकि आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्धता के साथ स्थाई समाधान हो, यही जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को ज्यादा से ज्यादा प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।
उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याएं हल की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार व वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक जिला प्रशासन द्वारा आमजन की शिकायतों के निदान के लिए जिला व उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। नागरिक अपने उपमंडल या जिला स्तर पर अपनी शिकायत दे सकते हैं।
