- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर विकास खंड घोरावल की ग्राम पंचायत बेलाटांड़ के शाहगंज बाजार क्षेत्र में एक व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बाजार में फैली गंदगी और प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाकर स्वच्छ वातावरण बनाना था। अभियान के दौरान सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई की गई। एकत्रित प्लास्टिक अपशिष्ट को अलग से संकलित कर निस्तारण हेतु भेजा गया। साथ ही ग्रामीणों और व्यापारियों को प्लास्टिक का उपयोग न करने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार, खंड विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वच्छता टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ समाज की नींव है, और हर नागरिक का दायित्व है कि वह अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखे। अभियान के सफल संचालन में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सचिव, स्वच्छता कर्मियों और स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी ने मिलकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

