लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर लखनऊ में भावभीनी श्रद्धांजलि — संपूर्ण क्रांति के अधूरे सपने को पूरा करने का लिया संकल्प

  • रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट

लखनऊ। राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच एवं जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जे.पी.आई) के संयुक्त तत्वावधान में यूपी प्रेस क्लब, लखनऊ में आजादी आंदोलन के महानायक लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जे.पी.आई के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने की। इस अवसर पर लोकनायक जयप्रकाश नारायण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके अधूरे सपने — “संपूर्ण क्रांति” — को साकार करने का संकल्प लिया गया।

“संपूर्ण व्यवस्था परिवर्तन के लिए संपूर्ण क्रांति ही एकमात्र विकल्प” — शशांक शेखर सिंह पुष्कर

जे.पी.आई सुप्रीमो शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन के लिए संपूर्ण क्रांति का मार्ग ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी युवा अधिकार मंच के बैनर तले पहले भी युवाओं को जागरूक करने के लिए अनेक अभियान चलाए गए हैं — गोरखपुर से दिल्ली तक युवा अधिकार एवं न्याय यात्रा, विभिन्न जिलों में युवा संसद और महापंचायतों के माध्यम से नौजवानों को एक मंच पर एकजुट करने का प्रयास जारी रहा है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा तकनीकी रूप से तो जागरूक है, लेकिन उसे अपने लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों के प्रति भी जागरूक होना जरूरी है। जनता की मांग पर ही जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जे.पी.आई) का गठन किया गया है, जो आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक वृहद स्वरूप में दिखाई देगी।

संगठनात्मक बैठक और बिहार विधानसभा चुनाव पर चर्चा

कार्यक्रम के पश्चात पार्टी पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश में संगठन को सशक्त करने और बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रेस वार्ता के दौरान शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने कहा कि जे.पी.आई उत्तर प्रदेश में एक सशक्त राजनीतिक विकल्प देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि जे.पी.आई ही ऐसा दल है जो सभी जाति और धर्म के लोगों के बुनियादी सवालों को लेकर गंभीर है। अन्य दल आज नकारात्मक राजनीति और आरोप-प्रत्यारोप के दौर में उलझे हुए हैं।

बिहार चुनाव में मैदान में उतरेगी जे.पी.आई

श्री पुष्कर ने बताया कि जे.पी.आई बिहार विधानसभा चुनाव में “टायर” चुनाव चिन्ह पर अपने कुछ प्रत्याशियों के साथ मैदान में उतरेगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के लिए बृहद जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 5 लाख सक्रिय सदस्य और 50 लाख साधारण सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान में युवाओं और महिलाओं की अहम भूमिका होगी।

पार्टी पूंजीवाद, बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार, जातिवाद और अन्याय के खिलाफ संघर्ष को अपना मुख्य मुद्दा बनाएगी और 2027 के विधानसभा चुनाव को मजबूती से लड़ेगी।

कार्यक्रम में अनेक गणमान्य उपस्थित

इस अवसर पर डॉ. ए.के. राय, एड. संग्राम सिंह, श्याम बाबू शुक्ला, श्याम सुंदर गुप्ता, राधेश्याम बाजपेयी, एड. सीमा कुशवाहा, विजय प्रकाश पांडे, फिरोज खान, एस.के. तूफानी, अजमतुल्लाह खान, जोगेंद्र मौर्य, डॉ. सर्वेश श्रीवास्तव, विजय पाल सिंह तोमर, मो. मोइनुद्दीन, अमित सिंह, विश्वजीत गिरी, हरिशंकर खरवार, रुचि रावत, कुणाल दीक्षित, एड. पंकज सिंह, एड. संदीप वर्मा, रामकुंवर राजभर, मनीष मिश्रा, सुजीत गुप्ता, मनोज शर्मा, राहुल पांडे सहित अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.