सोनभद्र: आमने-सामने बाइक की टक्कर में दो घायल, एक रेफर

  • रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव/ मनीष कुमार

सोनभद्र (दुद्धी)। थाना विंढमगंज क्षेत्र के महुली-महुअरिया रेलवे स्टेशन के पास शनिवार अपराह्न दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पीआरडी गार्ड सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, सुनील शर्मा (40) पुत्र रामलखन शर्मा निवासी लिलासी, पीआरडी गार्ड के रूप में बीजपुर में तैनात हैं। वह अपने ससुराल महुली आए हुए थे। शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे किसी कार्य से जाताजुआ गांव की ओर गए थे और लौटते समय महुली रेलवे स्टेशन से लगभग 600 मीटर पहले गौरीशंकर के घर के समीप सामने से आ रही बाइक से टकरा गए। दूसरी बाइक सतेश कुमार (27) पुत्र स्व. उमेश कुमार निवासी जाताजुआ थाना विंढमगंज चला रहे थे। वह महुली से दवा लेकर अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस और निजी वाहन की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा। चिकित्सक डॉ. सुनील सरोज की देखरेख में पीआरडी गार्ड सुनील शर्मा का उपचार चल रहा है। उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं सतेश कुमार के दाहिने पैर में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.