सोनभद्र: 11000 वोल्ट का टूटे केबल से करंट लगने से युवक की मौत, पूर्व विधायक ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा कार्रवाई की मांग की
- रिपोर्ट: शिवेंदु श्रीवास्तव
सोनभद्र (घोरावल)। विधानसभा घोरावल क्षेत्र के चंदुली गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। गांव में 11000 वोल्ट का हाईटेंशन केबल टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से सागर पासवान नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। लगभग चार से पाँच महीने पहले भी इसी गांव के दूसरे छोर पर 11000 वोल्ट का तार गिरा था, जो आज तक जस का तस पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि तार टूटने की सूचना देने के लिए ग्राम प्रधान सहित कई लोगों ने तत्काल एसडीओ और जेई को फोन किया, पर कई बार प्रयास करने के बावजूद किसी ने फोन नहीं उठाया। इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे पूर्व विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की घोर लापरवाही के कारण लगातार लोगों की जान जा रही है। कुछ दिन पहले सुकृत क्षेत्र में भी ऐसी ही घटना हुई थी, तब भी अधिकारियों को चेताया गया था।
पूर्व विधायक ने कहा कि “अब अगर शासन-प्रशासन नहीं चेता, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।” उन्होंने मृतक के परिवार को सरकार से 50 लाख रुपये मुआवजा देने तथा संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
